शनिवार, 29 मई 2021

देश को कहां ले जा रहे हो साहेब...

 

क्या सचमुच इस देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश की समझ नहीं है या यह जनसंख्या कम करने की कोई साजिश है? यह सवाल इसलिए उठाये जा रहे है ताकि लोगों को यह पता तो चले कि आखिर इस देश की सत्ता पर काबिज सरकार की हकीकत का पता चल सके।

दरअसल यह सवाल इसलिए भी उठाये जा रहे हैं क्योंकि केन्द्र में जब से मोदी सरकार आई है, देश के माहौल में जो नफरत की हवा बहने लगी है उसका दुष्परिणाम सबके सामने है। मोदी सरकार ने वैसे तो दो सौ योजनाओं की घोषणा की है लेकिन वे सारी घोषणाएं हकीकत की धरातल पर बुरी तरह असफल रही है। स्मार्ट सिटी से लेकर आयुष्मान भारत योजना हो चाहे स्टार्टअप से लेकर उज्जवला योजना हो धरातल पर कहीं दिखाई नहीं देता। यहां तक कि खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गोद लिये गांव की हालत देख लिजिए। 

ऐसे में कुछ ऐसे फैसलों पर भी निगाह जाती है जो साबित करने के लिए काफी है कि इस सरकार को देश की समझ ही नहीं है। नोटबंदी में डेढ़ सौ लोगों की मौत के अलावा भी कुछ हासिल हुआ हो तो जरूरत बताईयेगा। जीएसटी की असंगत से आज भी मध्यम श्रेणी के व्यापारी परेशान है। और कोरोना की लापरवाही ने तो लाखों लोगों की जान ले ली। अचानक लिये गए लॉकडाउन से कितने मजदूर सड़कों पर आ गये ये आंकड़े भले ही सरकार के पास न होने का दावा करे पर इससे हकीकत नहीं बदलने वाली। कोरोना की लापरवाही का यह आलम है कि दुनिया भर के देश वैक्सीन खरीदने का जुगाड़ कर रहे थे और हमारे देश की सत्ता लापरवाही का शतक पूरा करने में लगी थी।

लाशों का मंजर तो असहाय था ही अस्पतालों में बदइंतजामी और दवाइयों तथा आक्सीजन की कालाबाजारी ने सारी हदें पार कर दी। इस पर यदि सरकार को दोष न भी दे तो भूख से व्याकुल जनता और वैक्सीन के अभाव में छटपटाते लोगों की लाइनें क्या सत्ता को दिखाई नहीं दे रहा है। खाद्य तेल से लेकर जीवन के लिए जरूरी खाद्यानों की कीमत भी दिखाई नहीं दे तो फिर सत्ता की समझ क्या है। पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमत भी क्या सरकार को दिखाई नहीं दे रहा है और इसकी कीमत बढऩे से महंगाई बढऩे की समझ भी सरकार के पास नहीं है तो फिर सरकार की समझ पर शक होना लाजिमी है। क्या सत्ता पाने झूठ-छल-प्रपंच अफवाह और नफरत फैलाने की समझ ही रह गई है इससे सत्ता तो मिल ही गई और आगे भी मिल जायेगी लेकिन देश की समझ कैसे होगी?

शुक्रवार, 28 मई 2021

देश को कहां ले जाओगे मोदी जी...


देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु की पुण्यतिथि पर कुंठित हिन्दुओं ने सोशल मीडिया में जिस तरह के शब्दों का प्रयोग किया, अश्लीलता फैलाई वह न तो हिन्दू धर्म के अनुरुप है और न ही मानवता के।

पिछले कुछ सालों में इस देश में कुंठित हिन्दुओं ने एक नई परम्परा शुरु की है कि गांधी, नेहरु या ऐसा कोई भी नेता जो संघ और भाजपा के विचारधारा को नहीं मानता, उनके जयंती या पुण्यतिथि पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाता है। यह परम्परा अमानवीय ही नहीं उस कुंठा का प्रतीक भी है जो सत्ता के अहंकार में फलने फूलने लगा है। और यह सब खेल वही लोग कर रहे है जिनका कहीं न कहीं से संघ या भाजपा से संबंध है। ऐसे में हम समाज को कहां ले जा रहे हैं, मानवता की कौन सी परिभाषा गढ़ रहे है यह सवाल देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भई पूछना चाहिए क्योंकि बात-बात पर झूठ बोलना और अमर्यादित भाषा के इस्तमेाल भी वे ही करते हैं।

हालांकि यह पार्टी अपने को हिन्दुवादी या हिन्दुओं की रक्षक ही नहीं बताती बल्कि समय-समय पर धार्मिक का चोला भी ओढ़ती है तब यह बात जरूरी हो जाता है कि जिस हिन्दू धर्म ग्रंथ में झूठ, छल प्रपंच और अमर्यादित भाषा केवल असुरों की बताई जाती है उस धर्म ग्रंथ के कथित रक्षकों को यह बात समझ में क्यों नहीं आ रही है। इस देश ने हमेशा ही मानवता के उस परम्परा को जिया है जिसके तहत मृतात्माओं की बुराई करने से बचा जा सके लेकिन हाल के सालों में जिस तरह की परम्परा को बढ़ावा दिया जा रहा है उसके बाद किसी के सम्मान को बचाये रखना मुश्किल हो जायेगा।

भारतीय जनता पार्टी में यह परम्परा क्यों शुरु हो गई यह कहना कठिन है क्योंकि पार्टी इस तरह के आरोपों को सिरे से खारिज भी कर सकती है लेकिन देखने वाली बात तो यही है कि इस तरह की हरकत सिर्फ उसी समूह के लोग ही कर रहे हैं और बेशर्मी से कर रहे हैं। तब सवाल यही उठता है कि यह हरकत क्या नीच किस्म का नहीं है? आप मेरी बातों से सहमत या असहमत हो सकते हैं। लेकिन परिवारवाद के विरोध के नाम पर जिस तरह से मर्यादा लांघी जा रही है उस पर रोक नहीं लगाई गई तो इस देश को रसातल में जाने से कोई बचा भी ले तो लोगों का जीवन नारकीय होना तय है।

सत्ता तो आती जाती रहती है लेकिन देश तभी बचेगा जब उसकी संस्कृति और परम्परा बची रहेगी वर्ना भूगोल को देश कहकर खुश तो हुआ जा सकता है लेकिन नफरत के बीच लोगों में खुशहाली नहीं ला पायेगा। इसलिए इस तरह की हरकत न केवल निंदनीय है बल्कि असुरों जैसी है जो हिन्दू धर्म के विपरीत है।

गुरुवार, 27 मई 2021

मोदी के सात साल में सत्तर हाल...

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सात साल का सफर पूरा कर लिया है लेकिन यकीन मानिये इन सात सालों में देश का सत्तर हाल हो गया है। विफलताओं का सारा रिकार्ड इन सात सालों में बना है लेकिन हिन्दू-मुस्लिम और राष्ट्रवाद का खेल अब भी जारी है और यही हाल रहा तो देश में आम नागरिकों का जीवन न केवल किसी बर्बाद हो चुके देश की तरह होगा, नारकीय होगा?

ये दावा हम उन आकड़ों के बल पर कर रहे हैं जो मोदी सत्ता की विफलता की कहानी तो कह रही है बल्कि गरीबों की संख्या में हो रही लगातार बढ़ोत्तरी है। मोदी सरकार जब 2014 में सत्ता में पहली बार आई तब वह अच्छे दिन आयेंगे के जुमले को लेकर आई थी, लोगों को इस सत्ता से उम्मीद भी बहुत रही लेकिन इन सात सालों में देश ने क्या खोया और क्या पाया इसकी समीक्षा नहीं की गई तो यह पता ही नहीं चलेगा कि यह देश किस तरह दुनिया के कमजोर देशों से भी नीचे जा रहा है।

आप बैकों के 8 लाख करोड़ रुपए के राइट ऑफ में गिनते जाईये। हालांकि मोदी समर्थक इस राइट ऑफ यानी कर्ज माफी को कहते हैं कि यह कर्ज माफी उन लोगों का हुआ है जो हिन्दू है और मोदी के रहते हिन्दुओं का कर्ज माफ नहीं होगा तो किसका होगा। हालांकि उनके पास कर्ज में डूबे किसानों की मौत मायने नहीं रखते क्योंकि किसान चंदा नहीं देते।

दूसरा सवाल सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को बेचने का है। सत्तर साल में किसी प्रधानमंत्री ने 19 कंपनियों को नहीं बेचा। इसी तरह 70 साल में कोई भी प्रधानमंत्री ने रिजर्व बैंक के रिजर्व फंड का उपयोग-दुरुपयोग इस स्तर पर कभी नहीं किया। सत्ता में आते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि वे काले धन को विदेशों से लाने प्रतिबद्ध हैं और इसके लिए जरूरी कानून भी बनाना पड़ा तो वह भी बनायेंगे लेकिन इस बारे में सवाल पूछना ही मना है।

देश में हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने के वादे का सच यह है कि केन्द्र सरकार ने सात साल में केवल 9 लाख लोगों को नौकरी दी और यदि राज्यों को भी जोड़ दें तो इन सात सालों में केवल 48 लाख लोगों को ही नौकरी मिल पाई है। जबकि नौकरी से हाथ धोने वालों की संख्या दो करोड़ से अधिक बताई जा रही है। महंगाई किसी से छिपी नहीं है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के अलावा रोजमर्रा के खानपान में भी दस फीसदी से अधिक महंगाई बढ़ी है।

नोटबंदी का सच तो पूरी दुनिया को मालूम है कि किस तरह से डेढ़ सौ लोग सड़कों में लाईन लगाकर मर गए। जबकि जीएसटी की विसंगति ने छोटे व्यापारियों को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। आगे विफलता गिनाने से पहले जिसे वे सरकार की सफलता मानते है उस धारा 370 को हटाने का कोई फायदा आम लोगों को या देश को हुआ हो यह कहना मुश्किल है।

तब मध्यप्रदेश की सत्ता की चाह और नमस्ते ट्रम्प की लापरवाही से देश में कोरोना से त्राहिमाम् भी कोई कैसे छुपा सकता है। नासमझी में किये गये लॉकडाउन के चलते मजदूरों की सड़क में मरने की मजबूरी भी कोई कैसे भूल सकता है। सच तो यह है कि हम गरीबी भूखमरी तक में पाक और कल के बंग्लादेश से पीछे है। तब सत्ता की कौन सी उपलब्धि को सच माना जाए।

बुधवार, 26 मई 2021

लड़ाई धंधे की...

 

एलोपैथी और आयुर्वेद को लेकर जिस तरह से लड़ाई छिड़ी है उससे हैरान होने की जरूरत नहीं है, असल में यह लड़ाई धंधे में वर्चस्व की लड़ाई है और कोरोना काल में बाबा रामदेव की कंपनी को हुए घाटे ने इस लड़ाई को तेज कर दिया है।

यह लड़ाई झूठ-नफरत, अफवाह और कुंठित राष्ट्रवाद की लड़ाई भी कही जा सकती है। क्योंकि जब आप किसी एक से बेहद नफरत करते रहते हैं और लगातार नफरत करते रहते हैं तो यह आपकी आदतों में शुमार हो जाता है फिर यदि आप नफरत के लिए नये नये लक्ष्य ढूंढते हैं। बाबा रामदेव ने एलोपैथी चिकित्सा पद्धति को जिस तरह से कोसा है, वह हैरान कर देने वाला है, और यह हैरानी तब और बढ़ जाती है जब वे अपनी बीमारी का ईलाज एलोपैथी से करवाते है।

इसका मतलब क्या है? इस लड़ाई की प्रमुख रुप से दो ही वजह है पहली वजह अपना बिजनेस चमकाना है तो दूसरी वजह नफरत फैलाना है। दोनों ही कारण बेहद स्पष्ट है और यह सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है कहा जाय तो गलत नहीं है। एक तरफ जब पूरी दुनिया लाईलाज कोरोना महामारी से जूझ रही हो लाशें लगातार गिर रही हो तब चिकित्सा पद्धति को लेकर विवाद क्या लोगों का ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है या अपनी नफरत की रोटी को सेंकने का उपक्रम मात्र है।

कहना कठिन है, यह सच है कि आयुर्वेद पद्धति विशुद्ध रुप से भारतीय चिकित्सा पद्धति है और अनेक मौकों पर यह कारगर भी रही है, और यह भी सच है कि एलोपैथी ने जमकर लूट मचाई है और यह एक ढंग से पैसों वालों के लिए है। लेकिन तमाम दोष के बाद भी एलोपैथी को सिरे से नकारने का मतलब क्या है। हालांकि यह खेल मोदी सत्ता के आने के बाद ही ज्यादा खेला गया क्योंकि यह धर्म की राजनीति करने वालों के लिए सुविधा देता है। इसलिए कोरोना की लड़ाई में भाजपा खेमे से जुड़े लोगों के गोबर गौमूत्र से लेकर हवन, भाभी जी पापड़, कोरोनिल की आवाजें आती रही है।

ऐसे में बाबा रामदेव का इस लड़ाई में कूदने का मतलब जो हनीं समझ रहे हैं वह भी एक तरह की रणनीति है। कोरोना के मामले ही नहीं दूसरे सभी मामलों में बुरी तरह असफल हो चुकी मोदी सत्ता में असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का खेल नया नहीं है। तबलीकी जमात से लेकर फर्जी टूलकिट के ऐसे कई मामले है जो मोदी सत्ता की मंशा को एक्सपोज किया है। अब देखना है कि बाबा रामदेव के बिगड़े बोल का क्या असर होता है।

सोमवार, 24 मई 2021

उल्टा चोर कोतवाल को डांटे...

 

यह तो उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की कहावत को ही चरितार्थ करता है वरना कथित फर्जी दस्तावेज के सहारे कांग्रेस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बदनाम करने के खुलासे के बाद 'गिरफ्तार करोÓ का न प्रदर्शन होता न ही बेतुका बयानबाजी होती।

दरअसल इस देश में एक कुनबे की पूरी राजनीति ही झूठ-नफरत और अफवाह के सहारे टिकी हुई है, और इसके चलते देश का नुकसान भी इसलिए हुआ क्योंकि झूठ के इस खेल के खिलाफ किसी भी सत्ता ने कार्रवाई नहीं की और अब हालत यह है कि फिंजा में नफरत की हवा ने सांस लेना दूभर कर दिया है।

ताजा मामला भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के उस कथित दस्तावेज का है जिसे ट्वीट्र ने भी गलत मान लिया है। संबित पात्रा ने बकायदा प्रेस कांफ्रेंस लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाये कि कांग्रेस पूरी दुनिया में भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छवि खराब करना चाहती है। पात्रा ने कहा कि इस टूलकिट की मंशा को पूरी नहीं होने देंगे।

पात्रा के इस दस्तावेज को चुनाव हारने के बाद अपने अस्तित्व के लिए जूझ रहे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शेयर किया और कांग्रेस के खिलाफ विषवमन किया। इधर जैसे ही इस कथित दस्तावेज की झूठ सामने आई। एनएसयूआई के आकाश शर्मा सहित प्रदेशभर के कांग्रेसियों ने संबित पात्रा और डॉ. रमन सिंह के खिलाफ प्रदेश भर के कई थानों में जुर्म दर्ज कराया गया।

इधर जुर्म दर्ज होने के बाद भाजपा ने इसे गलत बताते हुए हमें भी गिरफ्तार करों का कैपेंने चला दिया। हालांकि जुर्म दर्ज होने के बाद और ट्विटर द्वारा गलत बता देने के बाद भी छत्तीसगढ़ की पुलिस अभी तक डॉ. रमन सिंह को गिरफ्तार नहीं की है। लेकिन भाजपा नेताओं ने अपने-अपने घरों में प्रदर्शन जारी रखा है। छत्तीसगढ़ पुलिस के मुताबिक इस मामले में डॉ. रमन सिंह से पूछताछ की गई। इसके लिए डॉ. रमन सिंह को नोटिस भी दे दिया गया था। नोटिस में चार बिन्दुओं पर पूछताछ हुई लेकिन गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अभी भी बच रही है। इधर सक्रिय हो गये है जो 15 साल की सत्ता के दौरान सत्ता की रईसी का मजा ले रहे थे।

शनिवार, 22 मई 2021

प्रधानमंत्री के आंसू...

 

कोरोना के इस भीषण तबाही को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुखी है, तो उन्हें दुखी होना भी चाहिए क्योंकि कोरोना की जो तबाही और नरसंहार इस देवभूमि के कतरे कतरे में दिखाई दे रहा है उसकी वजह किसी से छिपी भी नहीं है। सत्ता की लापरवाही के चलते हुए इस नरसंहार को लेकर दुखी होना और इसकी जिम्मेदारी लेना दोनों ही अलग बात है।

हम यह बिल्कुल भी नहीं कह रहे हैं कि नरसंहार के इस मंजर से प्रधानमंत्री जी दुखी होने का नाटक कर रहे हैं क्योंकि जिस तरह से रुदन और वेदना के स्वर आकाश से ऊंचा होता जा रहा है उसमें दुखी होने के अलावा कोई राह भी नहीं है। सत्ता या नेताओं को लेकर कितनी भई मोटी चमड़ी की बात कही जाए वह मोटी चमड़ी भी इस रुदन के आगे पिघल जायेगी फिर नरेन्द्र मोदी तो देश के प्रधानमंत्री है। 

ऐसे में उनके दुख के सच होने को लेकर आश्वस्त होना चाहिए हो यदि वे अपनी लापरवाही का बयान नमस्ते ट्रम्प से शुरु कर तमाम लापरवाही को गिना देते तो शायद उनके दुख पर सवाल नहीं उठता। लेकिन सत्ता के प्रमुख पदों पर बैठने वालों का अपना चरित्र होता है, फिर जिम्मेदारी को स्वीकार करने के लिए न केवल नैतिक साहस की जरूरत होती है बल्कि अपने भीतर के झूठ और छल को मारना पड़ता है। और यदि राजा जिम्मेदारी स्वीकार कर ले तो फिर वह कैसा राजा।

कोरोना के दौर में देश की सत्ता से लोगों की उम्मीद यदि बड़ी है तो इसके लिए प्रधानमंत्री को कैसे जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। सत्ता की जब पूरी रईसी लोगों के टैक्स पर निर्भर है, सेन्ट्रल विस्टा के लिए पैसे या प्रधानमंत्री के महल के लिए पैसे जब टैक्स से ही आना है तो वैक्सीन को टैक्स फ्री कैसे किया जा सकता है। आखिर जनता पेट्रोल, रसोई गैस पर टैक्स दे ही रही है, दवा से लेकर घरेलु उपयोग की वस्तुओं  की कालाबाजारी में अधिक पैसे दे ही रही है तब वैक्सीन में टैक्स देने से क्या परेशानी हो सकती है।

इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर टैक्स नहीं लेने का दबाव डालना ही गलत है, वैसे भी सत्ता चलाना आसान काम तो है नहीं। फिर आपदा के समय तो यह और भी मुश्किल भरा काम है। सलाह देने या आलोचना करने वालों का क्या है उनका कौन सा पैसा लगना है तब उनकी सलाह तो बेमानी ही हुई और फिर मुफ्त की सलाह की कोई कीमत भी तो नहीं होती। देश को प्रधानमंत्री को धन्यवाद करना चाहिए क्योंकि वे न केवल दुखी है बल्कि उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि भी दे दी है और अब क्या किसी को सुली पर चढ़ाओगे?

शुक्रवार, 21 मई 2021

मरद हो तो चिल्लाओ राजा नंगा...

 

मोदी सरकार की लापरवाही के चलते कोरोना ने जिस तरह से इस देवभूमि पर तबाही और नरसंहार किया है उसके बाद तो इस सरकार को सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार ही नहीं है। ऐसे में जब तमाम बुद्धिजीवी, कलाकार, साहित्याकर, कवि सिर्फ इस डर से खामोश बैठे हो कि ट्रोल आर्मी और वाट्सअप युनिवर्सिटी उन्हें देशद्रोही घोषित कर देंगे तब एक महिला कवियत्रि की कविता 'शववाहिनी गंगाÓ इन दिनों सोशल मीडिया में तहलका मचा रही है।

गुजरात की मशहूर गुजराती कवियित्री पारुल खखर की शववाहिनी गंगा की हिम्मत की दाद इसलिए भी देनी चाहिए क्योंकि बीस हजार से ज्यादा गाली गलौज के बाद भी उसने इस कविता को अपने फेसबुक से डिलीट नहीं किया है। यही नहीं इस कविता की सफलता साफ बताती है कि मोदी सरकार की कार्यशैली को लेकर लोग कितने नाराज है।

पारुल की इस कविता की सफलता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि गुजराती में लिखी इस कविता इस कविता का अब तक पंजाबी, मराठई, तमिल, मलयालम, अंग्रेजी और हिन्दी सहित विभिन्न भाषाओं में अनुवाद कर सोशल मीडिया में डाला जा रहा है। पारुख खखर को इस कविता के लिए शबासी भी खूब मिल रही है। रातों रात चर्चित हुई इस कविता से नाराज मोदी समर्थकों ने तो गालियों की ऐसी बौछार कर दी है कि एक बार फिर भाजपा के संस्कार पर  सवाल उठने लगे है। महिला को लेकर की जा रही इस तरह की टिप्पणी से साफ पता चलता है कि कुंठित हिन्दुओं के लिए पार्टी से बड़ा कोई नहीं। 

आप खुद ही पढिय़े इस कविता को हम पाठकों की सुविधा के लिए हिन्दी अनुवाद ही प्रकाशित कर रहे हैं-

मरद हो तो आगे आओ, चिल्लाओ, ' राजा नंगाÓ ...,


एक स्वर में मुर्दे बोले, जब कुछ चंगा चंगा

राज, आपके रामराज्यमें शबवाहिनी गंगा


राज, आपके मसान कम हैं,कम है चिता लकड़ी,

राज, हमारे मातम करनेवाले कम हैं,कम हैं रोनेवाले,


घर घर जा कर यमटोली करती नाच बेढंगा

राज, आपके रामराज्यमें शबवाहिनी गंगा


राज, आपकी धुआं उगलती  चिमनी चाहे  चैन,

राज, हमारे कंकण टूटे तड़ाक, सीना टूटे,


जलता सब कुछ देख फीडल बजाये 'बिल्ला रंगाÓ

राज, आपके रामराज्य में शबवाहिनी गंगा


राज , दिव्य आपकी  ज्योति , दिव्य आपके वस्त्र 

राज, आपको असली रूपमें देखे पूरी नगरी,


मरद हो तो आगे आओ, चिल्लाओ, ' राजा नंगाÓ

राज आप के रामराज्यमें शबवाहिनी गंगा।

(आज के दौर मे भारतीय नागरिको के दर्द को आक्रोशित करती पारूल खखर की गुजराती कविता हिंदी अनुवाद। अनुवाद : डॉ. जी. के. वणकर)