मंगलवार, 9 मार्च 2010

डंडे की चोंट पर भ्रष्टाचार,बृजमोहन अग्रवाल के सभी विभागों में घोटाले!



छत्तीगढ़ में वैसे तो भ्रष्टाचार की गंगोत्री बह रही है और अधिकारियों ने राम नाम की लूट मचा रखी है लेकिन राजधानी के दमदार मंत्री माने जाने वाले बृजमोहन अग्रवाल के विभागों की समीक्षा में यह बात खुलकर आई है कि उनके विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है और अधिकारियों ने चौतरफा लूट मचा रखी है।
राजधानी के विधायक और मुख्यमंत्री के प्रबल प्रतिद्वंदी माने जाने वाले लोक निर्माण शिक्षा और पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को सुर्खियों में बने रहना आता है और इसके चलते वे अक्सर विवादों में भी घिर जाते है। ताजा मामला स्कूली शिक्षा विभाग द्वारा खरीदे जाने वाले चयनित पुस्तकों का है। कहा जाता है कि इन चयनित पुस्तकों को परिवर्तन करने का दबाव के अलावा पसंदीदा प्रकाशकों से लेन-देन के आरोप भी मंत्री जी पर लगने लगे हैं।
बताया जाता है कि इस संबंध में अखिल भारतीय महिला प्रकाशक संघ ने तो बृजमोहन अग्रवाल पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए यहां तक कहा है कि यहां दलाल राजेन्द्र अग्रवाल और आर.एन. सिंह ने महिला प्रकाशकों को भी यह कहकर टरका दिया कि मंत्री जी से मिलना हो तो रात 12 बजे के बाद आइये। महिला प्रकाशकों ने इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से भी किए जाने की जानकारी दी है।
महिला प्रकाशकों का आरोप कितना सही है यह तो वही जाने लेकिन शिक्षा विभाग जिस तरह से अनियमितता चल रही है वह आश्चर्यजनक है। तवारिस से लेकर बाम्बरा मामले में बृजमोहन की रूचि से पार्टी के ही लोग नाराज हैं। जबकि तवारिस पर कई गंभीर आरोपों के अलावा कांग्रेसी होने का भी आरोप है। बताया जाता है कि प्रकाशकों को साफ तौर पर बृजमोहन अग्रवाल के दलालों द्वारा खुले आम पैसा मांगे जाने का आरोप लगाया जा रहा है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि जो प्रकाशक सबसे ज्यादा कमीशन देगा काम उसे ही मिलेगा।
महिला प्रकाशकों ने पुस्तक खरीदी मामले का उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए बृजमोहन अग्रवाल व उनके रिश्तेदारों की संपत्ति की भी जांच की मांग की है। ऐसा नहीं है कि बृजमोहन अग्रवाल और उनके समर्थकों पर भ्रष्टाचार का आरोप पहली बार लगा हो बल्कि समता से लेकर अग्रोहा और जब वे गृहमंत्री थे तब उनके भाईयों की करतूतों की भी खबरें स्थानीय मीडिया में छपते रही हैं।
यही नहीं इस शासनकाल में भी पर्यटन विभाग हो या संस्कृति विभाग का मामला हो अधिकारियों की करतूतों के कारण बृजमोहन अग्रवाल सुर्खियों में रहे हैं। जबकि पीडब्ल्यूडी में तो ठेकेदारी में खुलेआम कमीशनखोरी अभी भी जारी हैं और घटिया सड़कों से लेकर डामर घोटालों के आरोपियों को बचाए जाने को लेकर विवाद कायम है। बहरहाल बृजमोहन अग्रवाल के विभागों पीडब्ल्यूडी, शिक्षा, पर्यटन और संस्कृति में डंके की चोंट पर भ्रष्टाचार चल रहा है और यही स्थिति रही ते आने वाले दिनों में सरकार को मुसिबतों का सामना करना पड़ सकता है।
बृजमोहन की सुर्खियां
शिक्षा विभाग- 1. पुस्तक क्रय में 2. तवारिस की बहाली 3. संविदा नियुक्ति
पर्यटन विभाग- 1. बगैर नाम पते का करोड़ो भुगतान 2. स्टेशनरी घोटाला 3. संविदा नियुक्ति 4. प्रचार-प्रसार घोटाला 5. घास बसुंडी 6. विदेश यात्रा
संस्कृति विभाग- राज्योत्सव बनाम लुटोत्सव 2. संविदा नियुक्ति 3 . प्रचार-प्रसार घोटाला 4. स्थानीय कलाकारों की उपेक्षा 5. बाहर के कलाकारों में दलाली 6. कुंभ
पीडब्ल्यूडी विभाग- खुलेआम कमीशनखोरी 2. घटिया सड़कें 3. डामर घोटाला

जिद् करो...अखबार बदलो

जिद करो और दुनिया बदलों का स्लोगन लिए देशभर में अपने साम्राय स्थापित करने की होड़ में अपने घर को ही नहीं बचा पाने की चर्चा इन दिनों मीडिया जगत में छाई हुई है तो इसकी वजह इस अखबार की वह करतूत है जो आंख बंद कर तेज दौड़ने वालों के साथ अक्सर होती है।
जी हां! यहां हम अग्रवाल परिवार के दैनिक भास्कर की बा कर रहे हैं। इन दिनों दैनिक भास्कर में जो कुछ हो रहा है उसे कतई उचित नहीं कहा जा सकता। जिस तेजी से अखबार ने अपने पैर पसारे थे आज वह उतनी ही तेजी से बिखरने लगा है। ताम-झाम में माहिर इस अखबार को राजधानी रायपुर में मिल रहे लगातार झटके से इसके प्रसार संख्या में भी गिरावट की खब है और इसके पीछे प्रबंधन तंत्र की लापरवाही को बताया जा रहा है। वैसे तो राज एक्सप्रेस, नईदुनिया, राजस्थान पत्रिका जैसे बड़े अखबारों के अलावा नेशनल लुक जैसे अखबारों के द्वारा भी भास्कर से दुश्मनी की चर्चा है। नईदुनिया ने तो भा्कर में तोड़फोड़ की ही नेशनल लुक ने भी कोई कसर बाकी नहीं रखा और अब राज एक्सप्रेस और राजस्थान पत्रिका पर तो कील ढोकने की कोशिश के आरोप लगने गे हैं।
यहीं नहीं भास्कर के 14 माले का शापिंग माल का सपना भी तोड़ने कई लोग आमदा है। सरकार द्वारा कौड़ी के मोल मिले स्वयं की जमीन होते हुए भी किराये के भवन में जाने को लेकर भी यहां चर्चा गरम है। ऐसे में घटती प्रसार संख्या का तोहमत वह कैसे दूर करेगी यह ता वही जाने लेकिन कहा जा रहा है कि अंदरूनी हालात के चलते मनीष दवे को बिलासपुर भेज दिया गया है। जबकि बाहर से आए वे लोग सीटी संभालने लगे हैं जिन्हें न राजधानी का ज्ञान है और न ही यहां की गलियों से ही परिचित है।
और अंत में
अखबारों में प्रतिस्पर्धा नई नहीं है प्रसार संख्या बढ़ाने बड़े अखबारों में क्या कुछ नहीं होता लेकिन इन दिनों भास्कर की प्रसार संख्या घटाने एक मंत्री की रूचि चर्चा का विषय है। अपने लुक में पैसा लगाने वाले इस मंत्री के द्वारा इस काम में अपने मुखिया से भी सहमति लेने की चर्चा अब तो चौक चौराहों पर भी होने लगी है।

राहुल का चला रंग , संघ हुआ बदरंग



यह तो खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे की कहावत को ही चरितार्थ करता है वरना सिद्वांतों की दुहाई देने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह चेहरा भोपाल में आयोजित हिन्दू समागम में कभी नहीं दिखाई देता। कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की बढती लोकप्रियता के कारण बौखलाए संघ ने हिन्दू समागम के नाम पर ठेकेदारों, बिल्डरों और बदनाम अफसरों का मेला लगा लिया जहां संघ के प्रशिक्षित कार्यकर्ता कम नेता अधिक नजर आए।
राष्ट्रीय सेवक संघ वैसे तो शुरु से ही विवादों में रहा है और उनकी सत्ता की भूख समय-समय पर दिखती भी रही है लेकिन इसके बावजूद सिध्दांतों की बलि देने की ऐसी कोशिश तब भी नहीं हुई थई जब सत्ता सुंदरी के लिए अटल बिहारी की टीम ने राम मंदिर, धारा 370 और एक समय नागरिक संहिता की बलि दी थी। लेकिन भोपाल में हिन्दू समागम के नाम पर जिस तरह से निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया गया अऔर बिल्डरों, ठेकेदारों, भ्रष्ट अफसरों के साथ भाजपा के कमाऊ नेता-मंत्रियों को तरहीज दी गई उससे संघ का नया चेहरा दिखाई देने लगा है। संघ का यह चेहरा राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता के कारण बदरंग होते साफ महसूस किया जा रहा है।
दरअसल इन दिनों भाजपा की पराजय ने संघ को लहूलुहान कर दिया है और संघ के सरसंघचालक अखिल भारतीय प्रवास पर हैं। जगह-जगह वे समाज के विभिन्न तबको को अपने साथ जोड़ने उन्हें संघ-वाणी पिला रहे हैं। छत्तीसगढ क़ी राजधानी रायपुर के बाद मध्यप्रदेश में भी भागवत का कार्यक्रम हुआ। दोनों ही जगह भापा की सरकार है। इसलिए सामाजिक सद्भाव बैठक और हिन्दू समागम में सरकार ने भीड़ जुटाने पूरी ताकत झोंक दी और संघ का राजनैतिक प्रभाव स्पष्ट दिखाई पड़ा।
भोपाल में तो आयोजित कार्यक्रम की समिति का अध्यक्ष पूर्व डीजीपी एच.एस. जोशी को बनाया गया लेकिन जैसे ही उनके पुत्र व पुत्रवधु के यहां आयकर के छापे पड़े और करोड़ों रुपए बरामद हुआ। जोशी जी को हटाकर न्यायमूर्ति आर.डी. शुक्ला को आयोजन समिति का अध्यक्ष बना डाला। जबकि श्री शुक्ला की पहचान संघ से यादा समाजवादी पृष्ठभूमि की है। आयोजन समिति में संघ के निष्ठावान कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को शामिल करने की बजाय भाजपा की नेतागिरी करने वाले को रखा गया। यही नहीं आयोजन समिति का सदस्य व्यवसायी दीपक शर्मा को बनाया गया जो भाजपा नेता लक्ष्मीनारायण शर्मा के पुत्र हैं। हालांकि लक्ष्मीनारायण शर्मा को उमा भारती समर्थक होने के कारण भाजपा में भाव नहीं दिया जाता लेकिन अर्थ युग होने की वजह से दीपक शर्मा का भाजपा में प्रभाव है।
सबसे रोचक बात तो यह है कि इस कार्यक्रम में होल्डिंग व प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी बिल्डरों व ठेकेदारों को दी गई और अफसरों को भी अघोषित तौर पर भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई। यही वजह है कि संघ का यह कार्यक्रम सम्पन्न तो हो गया लेकिन सफल नहीं हुआ।
संघ के निष्ठावान स्वयंसेवक संघ की इस नई रणनीति से हैरान है जबकि एक वर्ग का मानना है कि संघ जैसे भी उपाय कर ले लेकिन राहुल का जलवा के आगे उसकी सारी गणितबाजी फेल होगी। बहरहाल संघ के इस नए चेहरे से बिल्डर, ठेकेदार और भ्रष्ट अफसर खुश है कि चलों उनके लिए किसी ने तो मंच स्थापित किया है लेकिन आम लोगों में संघ के इस नए चेहरे पर तीखी प्रतिक्रिया है।

रविवार, 7 मार्च 2010

अब बाबा भारती क्या कहेंगे

प्रायमरी स्कूल की एक किताब में बाबा भारती की मशहूर कहानी है जिसमें गरीब बनकर उनके घोड़े को छीना जाता है तब बाबा भारती ने उस डकैत से कहा था कि बेटा! तुम घोड़े ले जा तो रहे हो लेकिन किसी से यह मत कहना कि गरीब बनकर तुमने लूटपाट की है वरना कोई गरीबों पर भरोसा नहीं करेगा। अंदर तक झिंझोर देने वाली यह कहानी इन दिनों साधु और समाजसेवी दोहरा रहे हैं। कहीं साधु सेक्स कांड में फंस रहे हैं तो कहीं समाजसेवा की आड़ में बच्चे तक बेचे जा रहे हैं।
राजधानी में भी शासकीय नौकरी के नियमित पगार से असंतुष्ट नारायण राव ने आश्रम खोल लिया और बच्चे बेचने का काम करने लगा। आश्रम की आड़ में वह और भी क्या कुछ करता रहा है यह तो वही जाने लेकिन समाजसेवा और धर्म सेवा की आड़ में क्या कुछ हो रहा है वह अंधेरगर्दी से कम नहीं है।
नारायण राव एक न्यूज चैनल सहारा के स्ट्रींग आपरेशन में धरा गया। खबर को सिर्फ इतनी ही मान लेने वालों के लिए हमें कुछ नहीं कहना है लेकिन उसे आश्रम के लिए जमीन देने वाली सरकार और नारायण राव से संबंध रखने वाले मंत्री उसके इस पाप से बच नहीं सकते। दो-तीन सालों से प्रदेश में एनजीओ के रुप में नए-नए समाज सेवक पैदा हुए हैं जो सरकारी धन लेकर समाजसेवा का ढोंग रचते हैं और आधे से ज्यादा रकम अपनी तनख्वाह और आफिस खर्च पर हजम कर जाते है लेकिन सरकार ने कभी इस ओर ध्यान नहीं दिया। यह सरकारी अंधेरगर्दी नहीं तो और क्या है।
छत्तीसगढ़ में तो समाजसेवा के नाम पर एनजीओ ने लूट मचा रखी है यहां के अफसरों से लेकर मंत्रियों तक का एनजीओ को न केवल संरक्षण है बल्कि कई अधिकारियों के रिश्तेदार तक एनजीओ के नाम पर सरकार का खजाना लूट रहे हैं। एनजीओ को पैसा देने के बाद सरकार ने कभी पैसे के सदुपयोग की जांच नहीं कराई। रमन सरकार के दाल-भात केन्द्र हो या फिर निर्मल ग्राम योजना, स्कूलों को दी जाने वाली मध्यान्ह भोजन हो या फिर शहरों के यातायात के लिए हर क्षेत्र में एनजीओ ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया और सरकारी धनों का जी भर कर दुरुपयोग किया। ये पैसे कहां खर्च कर रहे हैं कोई पूछने वाला नहीं है।
सरकार के इसी रवैये के कारण ही सरकारी जमीनों को कौड़ी के मोल दी गई जहां नारायण राव जैसे लोगों का जन्म हुआ है या फिर सरकारी जमीनों पर बिजनेस काम्प्लेक्स बनाए गए। अखबारों के नाम पर दी गई जमीनों पर दुकानें बनाना या आवश्यक सेवा के नाम पर बैकों से किराया लेना अंधेरगर्दी नहीं तो और क्या है। नारायण राव तो सिर्फ एक उदाहरण है कि समाजसेवा की आड़ में यहां क्या कुछ हो रहा है ऐसे कितने ही नारायण राव हैं जो सरकार के संरक्षण में आम लोगों के पेट में लात मार रहे हैं और सरकारी खजानों का नीजि उपभोग कर रहे हैं।

सेक्स-बाला का पीएचक्यू में जलवा

छत्तीसगढ़ की राजधानी के करीब दर्जनभर अधिकारी इन दिनों सेक्स बाला के जुल्फों से खेलने मशगुल हैं खासकर पीएचक्यू में इस महिला की आवाजाही को लेकर जबरदस्त चर्चा है और जिस पत्रकार के जरिये इसने बिलासपुर से रायपुर का सफर किया है उसे लेकर भी यहां कभी भी गंभीर घटना की आशंका जताई जा रही है।
वैसे तो इन दिनों पूरे देश में साधुओं और समाजसेवियों की करतूतों को लेकर जबरदस्त चर्चा है इन चर्चाओं को लेकर राजधानी भी अछूता नहीं रह गया है। वैसे राज्य बनने के पहले भोपाल में भी शब्बो उर्फ शबनम की वजह से प्रशासनिक हल्कों में जबरदस्त चर्चा रही है और तब आधा दर्जन प्रशासनिक अधिकारियों के नाम सामने भी आए थे। इन दिनों राजधानी के पुलिस मुख्यालय में एक सेक्स बाला की आवाजाही चर्चा में है और कहा जाता है कि इस सेक्स बाला ने मंत्रालय के भी अफसरों को भी गिरफ्त में लिया है और होली के एक दो दिन पहले तो इस युवती की वजह से गोली चलने की भी चर्चा रही लेकिन पूरे मामले को उच्च स्तरीय प्रयास से दबाया गया।
इधर बताया जाता है कि बिलासपुर में अपने जलवे दिखला चुकी इस युवती को लेकर वहां अधिकारियों में ठन भी गई थी और एक पत्रकार की मध्यस्थता से मामले को सुलझाया गया जबकि मामला थाने तक भी जा पहुंचा था। बिलासपुर के बाद इसी पत्रकार के सहारे इस युवती ने राजधानी आना-जाना शुरु किया और देवेन्द्रनगर जैसे पॉश कालोनी में अपना आशियाना भी बनाया। बताया जाता है कि इस पत्रकार के सहारे इसने अधिकारियों से मेल मुलाकात शुरु की और शीघ्र ही अपने जलवे भी दिखाना शुरु कर दिया। यदि पुलिस मुख्यालय के हमारे सूत्रों पर भरोसा करें तो कहा जाता है कि इस युवती के जुल्फ में अब तक आधा दर्जन अधिकारी कैद हो चुके हैं। जबकि मंत्रालय में भी इसका जलवा है।
बहरहाल इस सेक्स बाला के चलते कभी भी गंभीर विवाद उत्पन्न हो सकता है और कहा जा रहा है कि उच्च स्तरीय जांच से कई अधिकारी भी बेनकाब होंगे।

सांसद प्रतिनिधि को लेकर सरोज पाण्डेय विवाद में...



वैसे तो राजनीति इन दिनों पूरी तरह व्यवसाय का रुप ले चुकी है जहां पार्टी के सिध्दांत कुर्सी तक आकर सिमट जाते हैं। ऐसा ही एक मामला दुर्ग की सांसद सरोज पाण्डेय का है जहां एक पूर्व कांग्रेसी को सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने को लेकर बवाल मच गया है।
वैसे तो सरोज पाण्डे का विवादों से पुराना नाता है। छिंदवाड़ा चुनाव के समय से चर्चा में रही सरोज पाण्डे ने राजनीति में जिस तेजी से छलांग लगाई है उसे लेकर कई तरह की चर्चा है। ताजा विवाद उनके द्वारा सांसद प्रतिनिधि की नियुक्ति को लेकर है। इस बार उसने जामुल नगर निगम क्षेत्र से सांसद प्रतिनिधि रीतेश सेन को बनाया है। रीतेश सेन वर्तमान में वार्ड नं. 10 से निर्दलीय पार्षद है। बताया जाता है कि दूसरी बार पार्षद बनने वाले रीतेश सेन कांग्रेस से भी पार्षद रहे हैं और इस बार बागी होकर चुनाव लड़ने की वजह से कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से हटा दिया।
बवाल की वजह यही है कि सांसद सरोज पाण्डे ने निष्ठावान भाजपाईयों को छोड़ ऐसे व्यक्ति को सांसद प्रतिनिधि बना दिया जिसकी पृष्ठभूमि कांग्रेस की रही है। इस मामले की उच्चस्तरीय शिकायत भी की जा रही है। हालांकि शिकायत करने वाले खुद मानते हैं कि ऐसी शिकायतों से कुछ होना जाना नहीं है लेकिन निष्ठावान भाजपाईयों में इसे लेकर चर्चा गर्म है और विरोध के लिए मौके तलाशे जा रहे हैं।

रमन की होशियारी, गडकरी की गणितबाजी





ऊपर से शांत दिख रही भाजपा में सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है। पहले ही बगावत का झंडा उठा चुके आदिवासी नेता रामविचार नेताम ने आदिवासी एक्सप्रेस चलाना शुरु कर दिया है तो डॉ. रमन सिंह राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अपने दुश्मनों को भेजने होशियारी दिखा रहे है। प्रदेश अध्यक्ष पद पर मुरारी सिंह का नाम आदिवासी एक्सप्रेस के तोड़ के रुप में देखा जा रहा है तो राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पर दबाव बनाए रखने गणितबाजी में उलझे हुए हैं।
छत्तीसगढ़ के भाजपाई राजनीति में उथल-पुथल की सुगबगाहट शुरु हो गई और कहा जा रहा है कि आदिवासी सांसदों, आदिवासी मंत्रियों सहित दर्जनभर विधायक मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से बेहद खफा है और वे कभी भी डॉ. रमन सिंह के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल सकते हैं। वैसे डॉ. रमन सिंह के खिलाफ असंतोष की खबरें नई नहीं है। राज्यसभा सदस्य नंदकुमार साय तो गाहे-बगाहे मौके की तलाश में रहते हैं जबकि रामविचार नेताम, ननकीराम कंवर और सोहन पोटाई का भी नाम सत्ता परिवर्तन में रुचि रखने वालों में शुमार है।
पिछले दिनों राजधानी में 32 प्रतिशत आरक्षण को लेकर हुई रैली में भाजपा के दिग्गज आदिवासी नेताओं की मौजूदगी में डॉ. रमन सिंह के खिलाफ हुई नारेबाजी को भी इसी रूप में देखा जा रहा है। इस रैली में रामविचार नेताम की सक्रियता को लेकर भी कई तरह के सवाल उठाये जा रहे हैं। दूसरी तरफ पिछड़े वर्ग में भी जबरदस्त आक्रोश है लेकिन रायपुर के सांसद रमेश बैस की चुप्पी की वजह से पिछड़ा वर्ग खामोश है और उन्हें नेतृत्व की तलाश है। हालांकि चन्द्रशेखर साहू की भूमिका को लेकर सवाल उठाये जा रहे हैं और सूत्रों का कहना है कि रायपुर में दशक पहले राज्य की मांग उठाकर अपना हाथ जला चुके चंपू साहू फिलहाल मौन है और दूध का जला... वाली कहावत पर चल रहे हैं।
इधर डा. रमन सिंह ने ब्राम्हण और बनिया से निपटने नई रणनीति बना ली है और कहा जा रहा है कि एक तीर से दो शिकार की तर्ज पर वे सरगुजा के आदिवासी सांसद मुरारी सिंह को प्रदेशाध्यक्ष बनवाकर जहां आदिवासी एक्सप्रेस की हवा निकालने में लगे हैं वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अपने दुश्मनों को भेजने की रणनीति पर चल रहे हैं। कहा जाता है कि लगातार विवादों में रहने वाले राजधानी के विधायक बृजमोहन अग्रवाल को वे एक बार फिर महत्व देने लगे हैं ताकि विरोधियों को ताकत न मिले।
बताया जाता है कि डॉ. रमन सिंह की असली चिंता आदिवासी नेताओं की एकजुटता है और वे इस एकजुटता को तोड़ने मंत्रियों को जिम्मेदारी दे रखे हैं। इसके तहत अलग-अलग मंत्री दो तीन आदिवासी विधायकों को संभालने का काम कर रहे हैं। बहरहाल भाजपा में चल रहे इस अंदरूनी उठापटक की दबी जुबान पर चर्चा होने लगी है और कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के बाद स्थिति साफ होगी।