रविवार, 1 नवंबर 2026

आरक्षण पर फिर बवाल क्यों


आरक्षण पर फिर बवाल क्यों 

 एक तरफ देश में आरक्षण के खिलाफ झंडे उठाए जा रहे हैं, सड़कों पर माहौल बनाया जा रहा है कि 'आरक्षण ने सब खराब कर दिया', 'जाति तो अब बची ही नहीं', 'अब सब बराबर हो गए हैं'। लेकिन दूसरी तरफ... जब जमीन पर जाकर सच्चाई देखोगे, तो पता चलेगा कि समानता सिर्फ किताबों में है, असल जिंदगी में आज भी छुआछूत, भेदभाव और मान-मर्दन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है।

जो लोग पूछते हैं न कि "21वीं सदी में आरक्षण की क्या जरूरत है?", आज उनके मुंह पर तमाचा मारने वाली तीन-चार हालिया खबरें आपके सामने रख रहा हूँ। ये सिर्फ खबरें नहीं हैं, ये हमारे समाज का वो कड़वा सच हैं जो आपका खून खौला देगा।

: रायपुर का बीरगांव - "नाम दलित है, तो छत नहीं मिलेगी"


पहले बात करते हैं छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे बीरगांव की।

वहां एक दलित युवक किराए का मकान ढूंढने निकलता है। पैसा देने को तैयार है, सारे कागजात सही हैं, लेकिन जैसे ही मकान मालिक को उसकी 'जाति' पता चलती है, उसे साफ मना कर दिया जाता है।

उस युवा की लाचारी और गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसे सोशल मीडिया पर आकर वीडियो जारी करना पड़ा। उसने रुंधे गले और तीखे शब्दों में पूछा— "क्या इस देश में दलित होना कोई अपराध है? अगर हमें किराए पर मकान भी नहीं मिलेगा, तो हम कहां जाएं? क्याअपनी पहचान छिपाकर जिएं?"

सोचिए, हम चांद पर पहुंच गए हैं, डिजिटल इंडिया का ढोल पीट रहे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ की राजधानी के पास एक पढ़े-लिखे दलित युवक को सिर्फ उसकी जाति की वजह से एक छत नसीब नहीं हो रही। जो लोग कहते हैं कि जाति सिर्फ गांवों में बची है, वो रायपुर के इस बीरगांव वाले मामले को अपनी आंखों में पट्टी हटाकर देखें!

15 अगस्त का 'शुद्धिकरण' - आजादी के दिन भी गुलामी की सोच]


कहानी यहीं खत्म नहीं होती। 15 अगस्त... हमारा स्वतंत्रता दिवस!

जिस दिन पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा होता है, उस दिन भी जातिवादी मानसिकता का जहर उबकाई ले रहा होता है।

खबर आती है कि झंडा फहराने के कार्यक्रम से पहले जगह का 'शुद्धिकरण' किया गया! किस बात का शुद्धिकरण भाई? क्या वहां कोई गंदगी थी? नहीं! वहां किसी दलित या पिछड़े वर्ग के प्रतिनिधि के हाथ लगाने या मौजूदगी की संभावना थी, इसलिए कुछ संकीर्ण सोच वाले लोगों को लगा कि जगह 'अशुद्ध' हो गई है, तो गंगाजल छिड़क कर उसे 'पवित्र' किया गया।

आजादी के 75 से ज्यादा सालों बाद भी, जिस तिरंगे के नीचे संविधान ने सबको बराबरी दी है, उसी तिरंगे को फहराने से पहले इंसान को 'अछूत' और 'अशुद्ध' माना जा रहा है। क्यायही है आपका नया भारत?

मल्लिकार्जुन खड़गे का हिमाचल दौरा और शुद्धिकरण का तमाशा

और अगर आपको लगता है कि यह सिर्फ आम जनता या गरीबों के साथ होता है, तो जरा अपनी राजनीतिक समझ को दुरुस्त कीजिए।

देश की सबसे पुरानी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मल्लिकार्जुन खड़गे—जो एक दलित समाज से आते हैं—जब हिमाचल प्रदेश के दौरे पर जाते हैं, तो उनके जाने के बाद कुछ जगहों पर 'शुद्धिकरण' का खेल खेला जाता है।

सोचिए! एक व्यक्ति जो संसद में बैठता है, जो देश की राजनीति का इतना बड़ा चेहरा है, जिसकी अपनी एक गरिमा है... जब उसके साथ उसकी 'जाति' की वजह से यह मानसिक नीचता की जा सकती है, तो फिर बीरगांव के उस आम किराएदार युवक की औकात ही क्या है? जब इतने बड़े नेता को समाज की इस घटिया मानसिकता से नहीं बख्शा जाता, तो एक आम दलित के साथ रोज क्या-क्या होता होगा, इसका अंदाजा आप खुद लगा लीजिए!

आरक्षण क्यों जरूरी है? - ठोस तर्क

अब आते हैं उस सबसे बड़े सवाल पर, जो आजकल हर आरक्षण-विरोधी आंदोलन में उछाला जाता है— "आरक्षण कब खत्म होगा? आरक्षण क्यों जरूरी है?"

जो लोग आरक्षण का विरोध कर रहे हैं, जैन जी के आंदोलन के आड़ में सड़कों पर उतर रहे हैं, उनसे मेरा सीधा सवाल है:

1. आरक्षण गरीबी उन्मूलन योजना नहीं है: आरक्षण आपको अमीर बनाने के लिए नहीं दिया गया था। आरक्षण दिया गया था 'प्रतिनिधित्व' (Representation) और 'सामाजिक स्वाभिमान' के लिए।

2. आर्थिक स्थिति बदल सकती है, जाति नहीं: अगर कोई दलित व्यक्ति आईएएस अफसर बन जाए या नेता बन जाए, तब भी समाज का एक वर्ग उसे पहले उसकी 'जाति' से ही आंकता है। खड़गे साहब इसका जीता-जागता सबूत हैं!

3. समान अवसर कहां हैं?: जब तक रायपुर के बीरगांव जैसी घटनाओं में एक दलित को मकान देने से मना किया जाएगा, जब तक 15 अगस्त को शुद्धिकरण होगा, जब तक शादी में दलित दूल्हे को घोड़ी से उतारा जाएगा... तब तक इस देश को संवैधानिक संरक्षण यानी आरक्षण की सख्त जरूरत है।

आरक्षण कोई भीख नहीं है, आरक्षण इस देश के शोषितों का वो संवैधानिक हक है जो उन्हें सदियों की प्रताड़ना के खिलाफ सुरक्षा कवच देता है। जब तक समाज में मानसिक जातिवाद और यह 'शुद्धिकरण' का गंदा खेल खत्म नहीं होगा, तब तक आरक्षण पर उंगली उठाने का हक किसी को नहीं है!

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें